पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पंजाब की जनता के नाम एक वीडियो सन्देश जारी किया है। यह वीडियो संदेश पंजाब में हो रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जारी किया गया है। अपने संदेश में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब तक का सबसे कमजोर प्रधानमंत्री करार दिया है।
मोदी सरकार के विदेश नीति पर किया तंज
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मोदी सरकार की विदेश नीतियों की जमकर आलोचना की है। उन्होंने कहा है कि गले लगाने, उनके साथ झूला झूलने और बिना निमंत्रण बिरयानी खाने से विदेशों के रिश्ते नहीं सुधरते है। मनमोहन सिंह चीन के साथ बदलते भारत के रिश्ते पर चिंता प्रगट कर रहे थे।
चीन के साथ भारत के संबंध पर उन्होंने कहा की चीन पिछले एक साल से हमारी जमीन में घुसपैठ कर रहा है, औऱ हमारी सरकार इस बात को छुपा रही है। उन्होंने कहा कि हमारे जितने भी दोस्त देश हैं उनके साथ भी दूरियां बढ़ी हैं। भारतीय जमीन पर चीनी की दखलंदाजी पर मोदी सरकार को घेरते हुए वतर्मान विदेश नीति की आलोचना की है।
मनमोहन सिंह ने कहा “मेरा काम बोलता था ना कि खुद”
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर इशारों-इशारों में बड़बोलेपन का आरोप लगाते हुए अपने कार्यकाल की गंभीरता की चर्चा की। उन्होंने कहा कि जब वो प्रधानमंत्री थे तो उन्होंने अपने ‘काम को बोलने दिया’ ना कि खुद ही बोलते रहा।
मोदी ने पंजाब और पंजाबियों को बदनाम करने की कोशिश की है : मनमोहन सिंह
अपने वीडियो संदेश में मनमोहन सिंह ने स्पष्ट तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पंजाब और पंजाबियों को बदनाम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के ”बंटवारे की राजनीति” करती है। पंजाब के लोगों को भाजपा की नीतियों से सचेत रहना चाहिए।
मनमोहन ने कहा “सरकार को नहीं है अर्थव्यवस्था की समझ”
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के सरकार की मौजूदा अर्थव्यवस्था औऱ विदेश नीति की जमकर आलोचना की। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि वर्तमान सरकार को देश की अर्थव्यवस्था और विदेश नीति की समझ नहीं है। जिसके कारण ही आज बेरोज़गारी अपने चरम पर है। यहाँ किसान, महिलाएं और छात्र सभी परेशान हैं।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने किया पलटवार
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के इस वीडियो संदेश की काफी चर्चा हो रही है। भाजपा की ओर से इस पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जवाब दिया है। उन्होंने मनमोहन सिंह की आर्थिक नीति पर निशाना साधते हुए कहा कि मनमोहन देश के एक ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो देश को 22 महीनों तक मुद्रास्फ़ीति से बाहर नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि उनके समय में देश में सबसे कम पूंजी निवेश हुआ करता था। निर्मला सीतारमण ने इस वीडियो को राजनीति से प्रेरित बताते हुए मनमोहन सिंह पर व्यंग किया कि जिसके कार्यकाल में सबसे कम पूंजी निवेश होता था उन्हें आज अचानक अर्थव्यवस्था की याद कैसे आ गई!
गौरतलब बात है कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पंजाब चुनाव के ठीक पहले यह वीडियो जारी किया है जिसमें मोदी सरकार की असफलताओं की चर्चा की है। उन्होंने पंजाब की जनता से इस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को वोट देने की अपील की है।
Pawan Toon Cartoon
Pawan Toon Cartoon